ईचागढ़ में SIR अभियान तेज, फॉर्म-6 डिजिटाइजेशन कैंप का अधिकारियों ने किया निरीक्षण

झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) को लेकर प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। अधिकारियों ने कुकड़ू प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय और बेरासीसिरूम पंचायत सचिवालय में चल रहे फॉर्म-6 और नोटिस डिजिटाइजेशन कैंपों का निरीक्षण किया।
सरायकेला-खरसावां: झारखंड में मतदाता सूची को दुरुस्त करने और सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के उद्देश्य से SIR-2026 अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में फॉर्म-6 डिजिटाइजेशन कैंप और नोटिस डिजिटाइजेशन कैंप के कार्यों की समीक्षा की गई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कुकड़ू प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय और बेरासीसिरूम पंचायत सचिवालय में संचालित कैंपों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से डिजिटाइजेशन, दस्तावेजों के सत्यापन और लंबित कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। संबंधित कर्मियों को निर्धारित प्रक्रिया और समय-सीमा के अनुसार कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया।
घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन निरीक्षण के दौरान Home to Roll सत्यापन की भी समीक्षा की गई। इसके तहत मतदाताओं के घर जाकर परिवार के सदस्यों के नाम और उनके मतदान केंद्र से संबंधित जानकारी ली गई, ताकि पात्र मतदाताओं के विवरण की पुष्टि की जा सके।
युवाओं को फॉर्म-6 भरने की जानकारी कुकड़ू स्थित झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय और तिरुलडीह राजकीय प्लस टू उच्च विद्यालय में निर्वाचन साक्षरता गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, मतदाता अधिकारों और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में बताया गया। अधिकारियों ने पात्र युवाओं को फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने तथा आवश्यक संशोधन के लिए फॉर्म-8 की प्रक्रिया समझाने पर जोर दिया।
दिव्यांग और वरिष्ठ मतदाताओं को मिलेगी सहायता प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, 12 से 16 अक्टूबर 2026 के बीच दिव्यांग और 70 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं की सुविधा के लिए घर जाकर आवश्यक दस्तावेज लेने और सत्यापन करने की व्यवस्था निर्धारित की गई है। इसका उद्देश्य ऐसे मतदाताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालय या कैंप तक आने की परेशानी से बचाना है।
प्रशासन ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे अपने नाम और विवरण की जांच करें। यदि नाम छूटा है या कोई त्रुटि है, तो संबंधित बीएलओ या निर्वाचन कार्यालय से संपर्क करके निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करें।
रिपोर्ट: THE PUBLIC समाचार



